शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र में नीलगाय से टकराई बाइक, उपचार कराकर लौट रही महिला की मौत, पिता पुत्र बचे

शेयर करें:
गोण्डा- इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत इटियाथोक खरगूपुर मार्ग पर गुरुवार देर शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेंदुली गांव के पास अचानक सामने आई नीलगाय से बाइक टकरा गई। इस घटना में 28 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि पति और 7 वर्षीय बेटा बाल बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक खरगूपुर थाना क्षेत्र के खरगूपुर इमिलिया गांव निवासी रामतेज वर्मा अपनी पत्नी ममता और छोटे बेटे कार्तिक के साथ गोंडा में पत्नी का उपचार कराकर वापस लौट रहे थे। देर शाम जब वे इटियाथोक के पास बेंदुली गांव से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आई एक नीलगाय सीधे उनके बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ममता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि रामतेज और कार्तिक को मामूली चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने ममता को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे में महिला की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। ममता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो बेटे लकी और कार्तिक है। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।