मंगलवार, 21 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: लंच ब्रेक में स्कूल से लापता हुईं राजकीय बालगृह की तीन किशोरियां, नोएडा पुलिस ने अलीगढ़ से सकुशल किया बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: लंच ब्रेक में स्कूल से लापता हुईं राजकीय बालगृह की तीन किशोरियां, नोएडा पुलिस ने अलीगढ़ से सकुशल किया बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा मामला कुछ ही घंटों में सुलझ गया। सेक्टर-62 स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) की तीन किशोरियां स्कूल के लंच ब्रेक के दौरान अचानक लापता हो गईं। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस हरकत में आई और व्यापक तलाशी अभियान चलाते हुए तीनों बच्चियों को जनपद अलीगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-49 पर डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सेक्टर-62 स्थित राजकीय बालगृह की 10, 12 और 13 वर्ष आयु की तीन बालिकाएं संस्था की बस से महिला हेल्पर के साथ सेक्टर-51 स्थित विद्यालय पढ़ने आई थीं। लंच ब्रेक के दौरान तीनों ने वॉशरूम जाने की बात कही, लेकिन इसके बाद वे विद्यालय परिसर से बिना किसी को बताए कहीं चली गईं।

महिला हेल्पर ने जब काफी तलाश की और बच्चियां नहीं मिलीं तो इसकी जानकारी विद्यालय की प्रधानाचार्य तथा राजकीय बालगृह की प्रभारी को दी गई। मामले की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस तत्काल विद्यालय पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों बालिकाएं एक ही कक्षा में पढ़ती हैं और वॉशरूम जाने के बहाने स्कूल से बाहर निकल गई थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कई विशेष टीमें गठित कीं।

पुलिस टीमों ने आसपास के बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। साथ ही विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जनपद अलीगढ़ में तीनों बच्चियों को सकुशल खोज निकाला।

गौतमबुद्धनगर पुलिस की तत्परता के चलते तीनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उन्हें आवश्यक सुरक्षा और देखभाल के साथ संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी जारी है।

इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, तकनीकी जांच और समन्वित प्रयासों के कारण संभावित अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया, जिससे बच्चियों को सुरक्षित वापस लाया जा सका।