शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, डीसीपी ने कांवड़ मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण; सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, डीसीपी ने कांवड़ मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण; सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में पूरी तरह जुट गया है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम ने अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार के साथ थाना कासना, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्वाइंट, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवरोध नहीं होना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर लगातार पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू किया जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों, उपकरणों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय रहते पूरी तरह तैयार रखा जाए। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।।