गौतमबुद्धनगर: नोएडा के पार्क और ओपन जिम बदहाल, कांग्रेस ने प्राधिकरण को घेरा; सतेन्द्र शर्मा ने उठाए रखरखाव और सुरक्षा पर सवाल!!
दो टूक//नोएडा। नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों और गांवों में स्थित पार्कों एवं ओपन जिम की बदहाल स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं नोएडा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा ने नोएडा प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन पार्कों और ओपन जिम का उद्देश्य नागरिकों, बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना था, वे आज रखरखाव के अभाव में बदहाली का शिकार हो चुके हैं।
मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई सेक्टरों और गांवों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि पार्कों में लगे ओपन जिम के अधिकांश उपकरण टूटे हुए हैं या जंग लगने के कारण उपयोग के लायक नहीं बचे हैं। कई स्थानों पर बच्चों के झूले क्षतिग्रस्त हैं, पैदल चलने के ट्रैक उखड़ चुके हैं, घास की नियमित कटाई नहीं हो रही है और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। इससे लोगों को पार्कों का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि शाम के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि पार्क और ओपन जिम केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े महत्वपूर्ण सार्वजनिक संसाधन हैं। इनकी अनदेखी का सीधा असर आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवनशैली पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते रखरखाव नहीं किया गया तो करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई ये सार्वजनिक सुविधाएं पूरी तरह बेकार हो जाएंगी।
कांग्रेस की ओर से नोएडा प्राधिकरण से मांग की गई है कि सभी पार्कों एवं ओपन जिम का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, टूटे हुए जिम उपकरणों, झूलों और अन्य सुविधाओं की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। साथ ही नियमित सफाई, घास की कटाई, पौधों के रखरखाव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक पार्क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाए।
सतेन्द्र शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि नोएडा के लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे हर हाल में निभाया जाना चाहिए।।
