मंगलवार, 21 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: रेकी कर बंद मकानों को बनाता था निशाना: 20 लाख की चोरी में वांछित शातिर चोर बिट्टू भाटी अवैध चाकू समेत गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रेकी कर बंद मकानों को बनाता था निशाना: 20 लाख की चोरी में वांछित शातिर चोर बिट्टू भाटी अवैध चाकू समेत गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी विमल उर्फ बिट्टू भाटी को एनपीसीएल ऑफिस के सामने से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी कर अपने साथियों के साथ लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था।

थाना बीटा-2 पुलिस ने 21 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जो अपने गिरोह के साथ पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और फिर मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तारी से बचने और विरोध की स्थिति में इस्तेमाल करने के लिए वह अपने पास अवैध शस्त्र भी रखता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कुछ समय पहले थाना बीटा-2 और थाना दादरी क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में उसके अन्य साथियों को पुलिस पहले ही 19 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है। उस कार्रवाई के दौरान करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया था। अब गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य की गिरफ्तारी से पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विमल उर्फ बिट्टू भाटी पुत्र नबाब सिंह, निवासी ग्राम मसौता, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 और थाना दादरी में चोरी तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

थाना बीटा-2 पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।।