मंगलवार, 21 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: एंबुलेंस की आड़ में चल रही 13 लाख रुपये की गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 64 किलो गांजा समेत अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: एंबुलेंस की आड़ में चल रही 13 लाख रुपये की गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 64 किलो गांजा समेत अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-1 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मारुति इको एंबुलेंस बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 21 जुलाई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर झुंडपुरा बॉर्डर के पास की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमवीर सिंह पुत्र श्याम लाल, निवासी ग्राम नागर, थाना अछनेरा, जनपद आगरा, उम्र लगभग 48 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से विशेष किस्म का गांजा खरीदकर एंबुलेंस के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाता था। एंबुलेंस होने के कारण उसे टोल प्लाजा और रास्ते में पुलिस चेकिंग के दौरान कम संदेह होता था, जिससे वह आसानी से भारी मात्रा में गांजा एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचा देता था।

आरोपी ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद वह गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करता था और उससे होने वाली मोटी कमाई को अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 378/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अब तक आरोपी कितनी खेप दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई कर चुका है और उसके गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।।