मंगलवार, 21 जुलाई 2026

मऊ : डीएम का बड़ा एक्शन: सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर 59 बड़े प्रतिष्ठानों को नोटिस, कारोबारियों में मचा हड़कंप।।||Mau: Major action by DM: Notices issued to 59 major establishments for negligence in safety standards, creating panic among businesses.||

शेयर करें:
मऊ : 
डीएम का बड़ा एक्शन: सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर 59 बड़े प्रतिष्ठानों को नोटिस, कारोबारियों में मचा हड़कंप।।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मऊ जिला प्रशासन ने बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर 59 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन के इस सख्त रुख से होटल, मैरिज हॉल, अस्पताल, मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।
विस्तार : 
मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्धन के निर्देश पर जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 
जनपद में बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सुरक्षा व्यवस्था की हुई गहन पड़ताल और व्यापक निरीक्षण मे कई भवन मे सुरक्षा मानकों की खामियां पायी गई।
यह अभियान नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गठित टीमों ने सदर, मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी और मधुबन तहसील क्षेत्रों में संचालित बड़े व्यावसायिक भवनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान होटल, मैरिज हॉल, अस्पताल, स्कूल, लाइब्रेरी, मॉल, मेडिकल गोदाम, शोरूम, वस्त्रालय सहित बहुमंजिला भवनों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
कई प्रतिष्ठानों में मिली गंभीर लापरवाही।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन अधूरा मिला। कहीं अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप नहीं मिले तो कहीं आपातकालीन निकास व्यवस्था में खामियां पाई गईं। कई स्थानों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं भी अधूरी मिलीं। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने 59 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।
 ये प्रमुख प्रतिष्ठान आए कार्रवाई की जद में।
कार्रवाई की जद में सदर तहसील के डायमंड होटल, द राय पैलेस, राहुल हॉस्पिटल, वी-मार्ट, रिलायंस ट्रेड सहित कई लाइब्रेरियां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी और मधुबन तहसील के कई मैरिज हॉल, अस्पताल, शोरूम, गोदाम और अन्य बहुमंजिला प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किया गया है।
डीएम का दो टूक — सुरक्षा से कोई समझौता नहीं।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण जारी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का यह अभियान केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गंभीर पहल है। प्रशासन का संदेश साफ है— या तो सुरक्षा मानकों का पालन करें, या फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। आने वाले दिनों में निरीक्षण अभियान और तेज होने की संभावना है, जिससे जिले के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी होंगी।