गौतमबुद्धनगर: नोएडा में करोड़ों की नशे की चेन पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 10 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-1 पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये कीमत की 280 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार युवती अपनी बुआ के इशारे पर स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर झुग्गी-झोपड़ियों और फैक्ट्री क्षेत्रों में बेचती थी।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-8 क्षेत्र में घेराबंदी कर अफसाना उर्फ बेबी पुत्री सिकंदर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 280 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही स्मैक बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपी अफसाना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बुआ नूरी के कहने पर स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर झुग्गी-झोपड़ियों और औद्योगिक क्षेत्रों में नशे के आदी लोगों को बेचती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और फरार मुख्य आरोपी नूरी सहित अन्य तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान अफसाना उर्फ बेबी (19 वर्ष) पुत्री सिकंदर, निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-9, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना फेस-1 पर मु0अ0सं0 376/2026 के तहत धारा 8/21C/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नशे के कारोबार पर पूरी तरह शिकंजा कसने के लिए अभियान लगातार जारी है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
