मंगलवार, 21 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वाहन चोर गैंग पर पुलिस का प्रहार: इकोटेक-1 पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, 5 चोरी की बाइक और अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वाहन चोर गैंग पर पुलिस का प्रहार: इकोटेक-1 पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, 5 चोरी की बाइक और अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना इकोटेक प्रथम पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। बरामद मोटरसाइकिलें गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हरियाणा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को थाना इकोटेक प्रथम पुलिस टीम ने निर्माणाधीन तिराहा, ग्राम लुक्सर के पास से जसवंत उर्फ भोला पुत्र ओमवीर सिंह निवासी फतेहगढ़, थाना अहमदगढ़, जनपद बुलंदशहर (वर्तमान निवासी ग्राम लुक्सर, थाना इकोटेक प्रथम, गौतमबुद्धनगर) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है।

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें से तीन मोटरसाइकिलें गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हरियाणा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि अन्य दो मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से दोपहिया वाहनों की चोरी कर उन्हें फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल करता था या फिर बेचने की फिराक में रहता था। आरोपी के खिलाफ थाना इकोटेक प्रथम में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5), 345(3) तथा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद वाहनों के आधार पर आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। थाना इकोटेक प्रथम पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके संभावित साथियों की भी जांच कर रही है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। चोरी के वाहनों की बरामदगी से पीड़ित वाहन स्वामियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।।