मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गोंडा के पत्रकारों को योगीजी शायद भूल गए - केएन वर्मा जिलाध्यक्ष

शेयर करें:
गोंडा- उप्र श्रमजीवी पत्रकार यूनियन शाखा गोंडा के बैनर तले पत्रकारों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर मंगलवार को अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के जिलाध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और प्रभारी मंडलायुक्त राकेश पाण्डेय से मिला और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रथम मांग हुई कि प्रेस क्लब का निर्माण कराया जाए। इसके लिए प्रशासन द्वारा जमीन भी पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है। दूसरी मांग हुई कि मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों के लिए प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आपात स्थिति में पत्रकारों को समय पर उपचार मिल सके।
ज्ञापन में कहा गया है कि एक दशक से श्रमजीवी पत्रकार यूनियन द्वारा प्रेस क्लब की मांग की जा रही है। दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री ने विकास भवन के प्रांगण मे प्रेस क्लब की घोषणा भी की थी। प्रेस क्लब के निर्माण के संबंध में कई बार शासन से इस्टीमेट भी मांगा गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
यूनियन के अध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने से पहले योगीजी लखनऊ और दिल्ली आते-जाते वक्त गोंडा रेलवे स्टेशन पर यहां के पत्रकारों से घंटों वार्तालाप करते थे, लेकिन अब गोंडा के पत्रकारों को मुख्यमंत्री जी शायद भूल गए है।
पत्रकारों ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों की गरिमा और एकता का प्रतीक है। वहीं मेडिकल सुविधा मिलने से फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों को बड़ी राहत मिलेगी।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन पत्रकार हितों से जुड़ी इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र निराकरण करेगा।