शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-73 में बेसमेंट खुदाई के दौरान धंसी सड़क और नाला, नोएडा प्राधिकरण का एक्शन; बिल्डर को नोटिस, अपने खर्च पर होगा पुनर्निर्माण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-73 में बेसमेंट खुदाई के दौरान धंसी सड़क और नाला, नोएडा प्राधिकरण का एक्शन; बिल्डर को नोटिस, अपने खर्च पर होगा पुनर्निर्माण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-73 स्थित व्यावसायिक भूखंड पर निर्माण कार्य के दौरान बेसमेंट की खुदाई और लगातार हुई भारी बारिश के चलते सर्विस रोड एवं नाले का हिस्सा धंसने के मामले में नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित निर्माण कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क और नाले के पुनर्निर्माण का कार्य भी बिल्डर के अपने खर्च पर शुरू करा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सेक्टर-73 स्थित व्यावसायिक भूखंड संख्या सी-01 पर बेसमेंट की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अत्यधिक वर्षा होने के कारण भूखंड से सटी सर्विस रोड और नाले का कुछ हिस्सा धंस गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित भूखंड का कुल क्षेत्रफल 5,315.275 वर्ग मीटर है, जिसे एम/एस एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड (Avenue Supermarts Ltd.) को आवंटित किया गया है। घटना के बाद प्राधिकरण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आवंटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस मिलने के बाद कंपनी ने अपने खर्च पर क्षतिग्रस्त सड़क और नाले के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्राधिकरण के अनुसार, उक्त भूखंड का आवंटन 22 नवंबर 2022 को किया गया था, जबकि 17 मार्च 2023 को लीज डीड निष्पादित हुई। निर्माण का मानचित्र 26 नवंबर 2024 को स्वीकृत किया गया था और निर्माण कार्य पूरा करने के लिए पांच वर्ष की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि उसके वरिष्ठ अधिकारी एवं इंजीनियरिंग टीम मौके पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।।