गुरुवार, 2 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को बड़ी राहत, सेक्टर-58 साइबर पुलिस ने 45 हजार रुपये कराए वापस!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को बड़ी राहत, सेक्टर-58 साइबर पुलिस ने 45 हजार रुपये कराए वापस!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-58 साइबर टीम ने ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 45 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस कराकर उसे बड़ी राहत दिलाई है। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में कमिश्नरेट पुलिस की यह कार्रवाई आम नागरिकों के लिए भरोसे का संदेश मानी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 26 अप्रैल 2026 को कंपनी का कार्य कराने के नाम पर उससे 45,000 रुपये ऑनलाइन ले लिए गए। धनराशि प्राप्त करने के बावजूद आरोपियों ने न तो कोई कार्य किया और न ही रकम वापस की, जिसके बाद पीड़ित ने थाना सेक्टर-58 साइबर टीम से सहायता की गुहार लगाई।

शिकायत मिलते ही थाना सेक्टर-58 साइबर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। लगातार और प्रभावी प्रयासों के चलते साइबर टीम ने पीड़ित की पूरी 45 हजार रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।

अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने थाना सेक्टर-58 साइबर पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके त्वरित एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

गौरतलब है कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।।