सोमवार, 27 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: बिसरख पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 3.4 किलो अवैध गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बिसरख पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 3.4 किलो अवैध गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिसरख पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध गांजा की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 3 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने 6 प्रतिशत एरिया छोटी मिलक में चेकिंग और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर पाल पुत्र चरन सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.4 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे वह अवैध रूप से बेचने और तस्करी करने के उद्देश्य से लेकर जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ग्राम रबूपुरा, थाना रबूपुरा, गौतमबुद्धनगर का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम बिसरख में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है।

बरामदगी के आधार पर थाना बिसरख में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 497/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना बिसरख पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।