गौतमबुद्धनगर: श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा: वन विभाग अलर्ट मोड पर, पेड़ गिरने या मार्ग में बाधा की सूचना के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 23 जुलाई 2026। श्रावण शिवरात्रि-2026 के अवसर पर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर वन विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांवड़ियों की सुविधा और आपात स्थिति से तत्काल निपटने के उद्देश्य से वन विभाग ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो यात्रा समाप्त होने तक लगातार सक्रिय रहेगा।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली झाड़ियों और पेड़ों की लटकती टहनियों की समय रहते छंटाई कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, आंधी या बारिश के कारण यदि कोई पेड़ या बड़ी शाखा सड़क पर गिरती है, तो उसे तत्काल हटाने के लिए वन विभाग की टीमें सक्रिय रहेंगी।
वन विभाग की ओर से कंट्रोल रूम के संचालन के लिए कुलदीप कुमार (वैयक्तिक सहायक) और अनामिका सिंह (वरिष्ठ सहायक) को नामित किया गया है। दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखें और किसी भी सूचना पर तत्काल संबंधित क्षेत्रीय वन अधिकारी को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
वन विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की प्राकृतिक बाधा को तुरंत दूर कर आवागमन सुचारु बनाए रखा जाएगा।
श्रावण शिवरात्रि के मद्देनजर जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के साथ वन विभाग भी पूरी तरह सतर्क है, ताकि लाखों कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।।
