शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आईजीआरएस में गौतमबुद्धनगर पुलिस का प्रदेशभर में डंका, जून 2026 की रैंकिंग में कमिश्नरेट और सभी 27 थाने रहे नंबर-1

शेयर करें:


आईजीआरएस में गौतमबुद्धनगर पुलिस का प्रदेशभर में डंका, जून 2026 की रैंकिंग में कमिश्नरेट और सभी 27 थाने रहे नंबर-1

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में एक बार फिर पूरे प्रदेश में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का लोहा मनवाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी जून 2026 की आईजीआरएस (जनसुनवाई) मूल्यांकन रिपोर्ट में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। सबसे खास उपलब्धि यह रही कि कमिश्नरेट के सभी 27 थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर प्रदेश में पहली रैंक हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के कुशल नेतृत्व और प्रभावी मॉनिटरिंग का ही परिणाम है कि कमिश्नरेट लगातार आईजीआरएस पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर फीडबैक लेने के मामले में भी गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रही। शिकायतकर्ताओं द्वारा पुलिस की कार्यवाही पर उत्कृष्ट प्रतिक्रिया दर्ज कराई गई, जिससे कमिश्नरेट का फीडबैक प्रदर्शन शत-प्रतिशत रहा।

बताया गया कि पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह स्वयं प्रत्येक माह के प्रत्येक शुक्रवार को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करती हैं। समीक्षा बैठकों में लंबित मामलों, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया जाता है। इसी नियमित निगरानी, जवाबदेही और प्रभावी पर्यवेक्षण के चलते कमिश्नरेट प्रदेश में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) उत्तर प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन मंच है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कराते हैं। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होती है। बेहतर शिकायत निस्तारण से आमजन का प्रशासन और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया। अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया गया। इसी कारण शिकायतकर्ताओं से प्राप्त सकारात्मक फीडबैक में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई और कमिश्नरेट इस श्रेणी में भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कहा है कि भविष्य में भी आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। प्रत्येक नागरिक को प्रभावी, पारदर्शी और भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए कमिश्नरेट पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। यह उपलब्धि न केवल गौतमबुद्धनगर पुलिस की कार्यशैली का प्रमाण है, बल्कि प्रदेश में बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी मानी जा रही है।