गौतमबुद्धनगर: लगातार 20 घंटे की बारिश के बाद राहत अभियान पर उतरा प्राधिकरण, जलभराव से निपटने के लिए 24×7 कंट्रोल रूम और QRT सक्रिय!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा में भारी बारिश के बीच प्राधिकरण का दावा—10 वर्क सर्किलों की टीमें मैदान में, 104 प्रमुख नालों की सफाई, अंडरपासों से पानी निकाला; नागरिकों के लिए हेल्पलाइन भी जारी
दो टूक//नोएडा। लगातार करीब 20 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर नोएडा प्राधिकरण ने बड़े स्तर पर राहत एवं जल निकासी अभियान चलाने का दावा किया है। प्राधिकरण के अनुसार, बारिश के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे शहर में मशीनरी और विशेष टीमों को तैनात किया गया, ताकि आमजन को जलभराव से जल्द राहत मिल सके और यातायात सामान्य बना रहे।
प्राधिकरण ने बताया कि शहर के सभी 10 वर्क सर्किलों की टीमों को मौके पर उतारा गया। जेसीबी, हाईवा, पोकलेन और सुपर सकर जैसी भारी मशीनों की मदद से नालों की सफाई कर जल प्रवाह को सुचारु बनाया गया। वहीं, सभी प्रमुख अंडरपासों में जनरेटर संचालित पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई, जिससे यातायात प्रभावित न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
जल विभाग द्वारा चिन्हित 28 लो-लाइंग (निचले) क्षेत्रों में पहले से ही डीजल पंपसेट लगाकर पानी की निकासी की गई। प्राधिकरण का दावा है कि समय रहते किए गए इन इंतजामों के कारण इन संवेदनशील क्षेत्रों में बड़े स्तर पर जलभराव की स्थिति नहीं बनने दी गई।
शहर के 104 प्रमुख नालों, जिनकी कुल लंबाई लगभग 320 किलोमीटर है, की सफाई और जल निकासी के लिए 42 जेसीबी मशीनें, 2 पोकलेन मशीनें और 102 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाई गईं। इसके अलावा, जिन स्थानों पर बेसमेंट में पानी भरने की शिकायतें मिलीं, वहां भी विशेष टीमों ने तत्काल पहुंचकर पानी निकलवाने की कार्रवाई की।
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि शहर के कवर नालों की डी-सिल्टिंग (गाद सफाई) का कार्य पांच सुपर सकर मशीनों के माध्यम से लगातार जारी है और अब तक करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य भी युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, ताकि आगामी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को और कम किया जा सके।
बारिश के दौरान नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 24×7 कॉल सेंटर भी संचालित किया है। जलभराव से संबंधित शिकायतों के लिए 0120-2423795 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। साथ ही, अत्याधुनिक उपकरणों से लैस क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की गई है, जो शिकायत मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कर रही है।
स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता देते हुए प्राधिकरण ने बताया कि पूरे शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। प्रतिदिन करीब 900 टन ठोस कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया जा रहा है, जबकि 400 टन निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट का भी प्रतिदिन वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है।
लगातार हुई भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव को लेकर उठे सवालों के बीच नोएडा प्राधिकरण ने दावा किया है कि सभी विभाग समन्वय के साथ लगातार काम कर रहे हैं और आने वाले दिनों में भी बारिश की स्थिति को देखते हुए राहत एवं जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेगी।।
