गुरुवार, 9 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: दिव्यांग बच्चों के हौसलों को मिलेगा नया आसमान, 18 जुलाई को नोएडा में सजेगा प्रतिभा, सम्मान और साहित्य का भव्य महोत्सव!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दिव्यांग बच्चों के हौसलों को मिलेगा नया आसमान, 18 जुलाई को नोएडा में सजेगा प्रतिभा, सम्मान और साहित्य का भव्य महोत्सव!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा होंगे मुख्य अतिथि, वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी की गरिमामयी मौजूदगी में मनाया जाएगा फस्टवन रिहैब फाउंडेशन का स्थापना दिवस

दो टूक//नोएडा। दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से फस्टवन रिहैब फाउंडेशन आगामी 18 जुलाई को सेक्टर-73 स्थित सामुदायिक केंद्र में अपना स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने जा रहा है। पूरे दिन चलने वाले इस विशेष आयोजन में दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, व्यावसायिक प्रशिक्षण, पुस्तक एवं वार्षिक पत्रिका के विमोचन के साथ शाम को देश के प्रतिष्ठित कवियों का भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर के सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और गणमान्य लोगों में उत्साह का माहौल है।

संस्था के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का पहला सत्र सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। इस दौरान जरूरतमंद दिव्यांग बच्चे अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। "एक सम्मान मां के नाम" कार्यक्रम के अंतर्गत समाज में प्रेरणादायी योगदान देने वाली माताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही संस्था की पुस्तक एवं वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी होगा। बच्चों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष व्यावसायिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें और अपने हुनर के बल पर नई पहचान बना सकें।

कार्यक्रम का दूसरा सत्र शाम 6 बजे से भव्य कवि सम्मेलन के रूप में आयोजित होगा। मंच पर देश के सुप्रसिद्ध कवि विष्णु सक्सेना, शंभू शिखर, विनोद पांडे, सरिता सिंह और शशि पांडेय अपनी ओज, हास्य और संवेदनाओं से भरपूर रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा होंगे, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी विशिष्ट उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. पीयूष द्विवेदी, कुश्ती संघ गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष सतपाल यादव, सागर सिन्हा, सत्यम पांडे तथा महर्षि यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क अधिकारी शिवम यादव शामिल रहेंगे।

इसके अलावा शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भी समारोह में शामिल होंगी। इनमें यू फ्लैक्स के दिनेश जैन, लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना, फेलिक्स अस्पताल के चेयरमैन डी.के. गुप्ता, किसान नेता सुखवीर खलीफा, रामा बैंक्विट के अमरजीत सिंह, फोनरवा के कोषाध्यक्ष पवन यादव, सेक्टर-122 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शिवकुमार तिवारी, अमित चौहान, सुखदेव शर्मा, मनोज चौधरी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि फस्टवन रिहैब फाउंडेशन वर्षों से जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। स्थापना दिवस समारोह का उद्देश्य केवल एक आयोजन करना नहीं, बल्कि विशेष बच्चों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप मंच उपलब्ध कराना, उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यावसायिक प्रशिक्षण, सम्मान समारोह और साहित्यिक आयोजन के माध्यम से बच्चों एवं उनके परिवारों को नई प्रेरणा मिलेगी और समाज में समावेशी विकास का सशक्त संदेश जाएगा।