शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: बिजली विभाग बेपरवाह, जनता लाचार! सेक्टर-124 कार्यालय में जिम्मेदार नदारद, खाली कुर्सियां बयां कर रहीं व्यवस्था की हकीकत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बिजली विभाग बेपरवाह, जनता लाचार! सेक्टर-124 कार्यालय में जिम्मेदार नदारद, खाली कुर्सियां बयां कर रहीं व्यवस्था की हकीकत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। देश की हाईटेक सिटी नोएडा में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सेक्टर-124 स्थित डिवीजन-3 विद्युत विभाग के कार्यालय का ऐसा नज़ारा सामने आया है, जिसने विभागीय व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। कार्यालय का फोटो और वीडियो सामने आया है, जिसमें जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कुर्सियां खाली दिखाई दे रही हैं, जबकि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे उपभोक्ता घंटों इंतजार करते और इधर-उधर भटकते नजर आए।

मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं का कहना है कि वे बिजली बिल में त्रुटि, बिल संशोधन, बकाया राशि की जानकारी और अन्य कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी अपनी सीट पर मौजूद नहीं मिला। लोगों का कहना है कि कार्यालय में दो एसडीओ की तैनाती होने के बावजूद उनकी कुर्सियां खाली रहीं और समस्याओं का समाधान कराने वाला कोई जिम्मेदार कर्मचारी उपलब्ध नहीं था।

इसी दौरान एक और चौंकाने वाला दृश्य सामने आया। कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी तो मौजूद नहीं मिले, लेकिन पंखे और लाइटें लगातार चलती रहीं। एक ओर उपभोक्ता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए घंटों भटकते रहे, वहीं दूसरी ओर खाली पड़े कार्यालय में जल रही बिजली विभाग की कार्यशैली और संसाधनों के उपयोग पर भी सवाल खड़े करती नजर आई।

उपभोक्ताओं के अनुसार, सही जानकारी नहीं मिलने से उन्हें घंटों परेशान होना पड़ा। कई लोग बिना काम कराए ही वापस लौट गए। उनका कहना है कि जब सरकारी कार्यालयों में ही जनता की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं होगा, तो आम नागरिक अपनी शिकायतों का समाधान आखिर कहां कराएंगे?

सरकार लगातार पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन की बात करती है, लेकिन सेक्टर-124 स्थित बिजली विभाग के कार्यालय से सामने आई तस्वीरें जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती नजर आती हैं। यदि कार्यालय समय के दौरान अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीटों पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो इसका सीधा खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कार्यालय समय में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस लापरवाही पर संज्ञान लेकर जवाबदेही तय करेंगे, या फिर हाईटेक नोएडा में उपभोक्ता यूं ही खाली कुर्सियों को देखकर अपनी बारी का इंतजार करते रहेंगे?

● आफिस की वीडियो खाली पड़ी कुर्सियां।