रविवार, 5 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रावण शिवरात्रि की तैयारियों में जुटी गौतमबुद्धनगर पुलिस, कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक; 12 फीट से ऊंचे डीजे पर रोक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रावण शिवरात्रि की तैयारियों में जुटी गौतमबुद्धनगर पुलिस, कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक; 12 फीट से ऊंचे डीजे पर रोक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। आगामी श्रावण मास और श्रावण शिवरात्रि के दौरान निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय सूरजपुर में सेंट्रल नोएडा के सभी एसीपी, कांवड़ रूट से जुड़े थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और बीट प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक थाने में कांवड़ रजिस्टर तैयार किया जाए तथा क्षेत्र में निकलने वाली कांवड़ यात्राओं और शिविरों का पूरा विवरण दर्ज किया जाए। साथ ही स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर आपसी समन्वय और सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाए।

बैठक में कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यदि किसी मार्ग पर गड्ढे, जलभराव, खराब सड़क, स्ट्रीट लाइट या अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्या हो तो संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय स्थापित कर उनका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

पुलिस ने डीजे संचालकों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें अवगत कराएं कि कांवड़ यात्रा में इस्तेमाल होने वाले डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर शिविर और पंडाल लगाने वाले आयोजकों के साथ भी बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों को सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुरक्षित माहौल में अपनी यात्रा संपन्न कर सकें।