गौतमबुद्धनगर: कंपनी में भरोसे का फायदा उठाकर की लाखों के उपकरणों की चोरी, कर्मचारी गिरफ्तार; दो लैपटॉप और SSD बरामद!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-126 थाना पुलिस ने एक कंपनी से लैपटॉप और SSD चोरी करने वाले कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो लैपटॉप और एक SSD ड्राइव बरामद की है। आरोपी कंपनी में कार्यरत था और सर्विस कार्य के दौरान मौका पाकर वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के अरुणा नगर निवासी दीपक कुमार ने थाना सेक्टर-126 में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह CI Infotech Pvt. Ltd. में एचआर पद पर कार्यरत हैं। कंपनी का कर्मचारी दीपेश भारती सेक्टर-127 स्थित मदरसन कॉर्पोरेट टावर में सर्विस कार्य के लिए आता-जाता था। कंपनी के उपकरणों की जांच के दौरान दो लैपटॉप और दो SSD ड्राइव गायब मिलीं। इसके बाद कंपनी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कर्मचारी दीपेश भारती अलग-अलग दिनों में मौका पाकर कंपनी के लैपटॉप और SSD चोरी करते हुए दिखाई दिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-126 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे आरोपी दीपेश भारती को कंपनी परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए दो लैपटॉप और एक SSD ड्राइव बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपेश भारती (24 वर्ष) पुत्र राजकुमार भारती निवासी विजयगढ़, अलीगढ़ तथा वर्तमान में सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कंपनी में कार्यरत होने के कारण उपकरणों की लोकेशन और सुरक्षा व्यवस्था से भलीभांति परिचित था, जिसका उसने गलत फायदा उठाया।
बरामद सामान में एक Dell XPS Windows 8 लैपटॉप, एक Dell Latitude 5490 लैपटॉप तथा एक WD Blue SA510 500 GB SSD ड्राइव शामिल है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 317(2) के तहत दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना सेक्टर-126 पुलिस का कहना है कि कंपनियों और संस्थानों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार एवं थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम शामिल रही।।
