ऑपरेशन दहन: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नष्ट किए 18.88 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ, नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार!!
दो टूक//नोएडा, 23 जून 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए "ऑपरेशन दहन" के तहत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण (नष्टीकरण) किया। पुलिस द्वारा नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 करोड़ 88 लाख 50 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न थानों में जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों को न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार विनिष्टीकरण के दौरान 2918.67 किलोग्राम गांजा, 18.805 किलोग्राम चरस, 30.4 किलोग्राम डोडा, 120 ग्राम एमडीएमए (MDMA), 1.77 किलोग्राम ड्रग्स गोलियां तथा 1.12 किलोग्राम हेरोइन को नष्ट किया गया। यह सभी मादक पदार्थ विभिन्न अभियानों और चेकिंग के दौरान बरामद किए गए थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। समिति की निगरानी में और माननीय न्यायालय की अनुमति के उपरांत इन नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक एवं विधिक प्रक्रिया के अनुसार विनिष्टीकरण किया गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के नेटवर्क को कमजोर करने और समाज में नशे के प्रसार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, इससे युवाओं और भावी पीढ़ी को नशे की लत से बचाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर दें।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने दोहराया है कि "नशा मुक्त समाज – सुरक्षित भविष्य" के संकल्प को साकार करने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
