रविवार, 21 जून 2026

गौतमबुद्धनगर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई NEET-UG 2026 परीक्षा, 9,540 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा; जिलाधिकारी ने किया केंद्रों का निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई NEET-UG 2026 परीक्षा, 9,540 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा; जिलाधिकारी ने किया केंद्रों का निरीक्षण!!

!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 21 जून 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यापक व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराई गई।

जनपद के कुल 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में 10,823 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 9,540 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,283 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और पारदर्शिता के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया गया।

परीक्षा के सफल संचालन की निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने ग्रेटर नोएडा स्थित केंद्रीय विद्यालय एसएसजी सीआईएसएफ परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों की प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त कर व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही अभ्यर्थियों की जांच, प्रवेश प्रक्रिया एवं परीक्षा संचालन को लेकर निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया, जिससे परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सकी।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, केंद्र व्यवस्थापक, विद्यालय प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त किया है।