रविवार, 21 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: आम्रपाली गोल्फ होम्स की 16वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, सोसाइटी में मचा हड़कंप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आम्रपाली गोल्फ होम्स की 16वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, सोसाइटी में मचा हड़कंप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सोसाइटी के टावर ए-6 की 16वीं मंजिल से गिरने के कारण 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर थाना बिसरख पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को थाना बिसरख को सूचना मिली कि आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक युवती ऊंचाई से गिर गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान तनिष्का तोमर (19 वर्ष) पुत्री अरेंद्र सिंह तोमर के रूप में हुई है। घटना के समय परिजन भी मौके पर मौजूद थे। युवती के अचानक ऊंचाई से गिरने की घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती बालकनी से कैसे गिरी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस दुखद घटना के बाद आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी के निवासियों में शोक और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इतनी ऊंची इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर लगातार जागरूकता की आवश्यकता है। वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।