गौतमबुद्धनगर:नोएडा की इलेक्ट्रिकल फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, धुएं के गुबार से दहला इलाका!!
दो टूक//नोएडा। फेज-1 थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित एक इलेक्ट्रिकल उपकरण निर्माण फैक्ट्री में रविवार शाम भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई। आग से उठ रहा काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-9 के बी-ब्लॉक स्थित शिव इलेक्ट्रिकल्स नामक फैक्ट्री में रविवार शाम करीब 5:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर लगी, जहां इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित उपकरण, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से निकल रही आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक रूप से तीन फायर टेंडरों को रवाना किया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में कुल पांच दमकल गाड़ियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग को अन्य हिस्सों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शाम 5:15 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे के अथक प्रयास के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
वहीं पुलिस के अनुसार, थाना फेस-1 क्षेत्रांतर्गत बी-29, सेक्टर-9 स्थित शिव इलेक्ट्रिकल्स कंपनी की बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से आग को बुझाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना के दौरान कोई व्यक्ति अंदर फंसा नहीं था और न ही किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना है।
आग लगने की घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा, जिससे राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। समय रहते दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।।
