मऊ :
अफवाहों पर रहेगी कड़ी नजर, सभी की भावनाओं का रखे ख्याल, शासन की गाइड लाइन के अनुसार मनाये मोहर्रम: जिलाधिकारी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा मोहर्रम जुलूस मार्गों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को रखा गया। सदस्यों ने सड़क के ऊपर लगे अवरोधों को हटाने, नंगे विद्युत तारों के स्थान पर सुरक्षित केबल लगाने, जुलूस के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालियों पर पटिया लगाने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने, जुलूस मार्गों पर नीचे लटके विद्युत तारों को ऊंचा कराने, कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक विद्युत कटौती को रोकने, मिर्जाहादीपुरा चौराहे पर फल विक्रेताओं को पटरी पर व्यवस्थित करने तथा साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था कराने की मांग रखी। बैठक में अधिकांश सदस्यों ने विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक कटौती की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए इस पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने अवगत कराया कि नगर पालिका द्वारा जुलूस मार्गों पर आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा मोहर्रम के दौरान प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा प्रयास है कि मोहर्रम पर्व से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं तथा जो भी समस्याएं चिन्हित हुई हैं उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान विद्युत विभाग एवं नगर पालिका परिषद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों एवं नीचे लटके विद्युत तारों के संबंध में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण प्रथम को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा सभी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से शासन की गाइडलाइन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराने की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा तथा ताजिया की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया के संबंध में उन्होंने युवाओं को अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूक करने की अपील की। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी समुदायों के सहयोग से मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होगा।
पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर ने भी शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मोहर्रम मनाने की अपील करते हुए किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने पर बल दिया। उन्होंने सभी से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने तथा युवाओं को भी शासन की गाइडलाइन से अवगत कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को दी जाए। साथ ही मोहर्रम पर्व को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु शांति समिति के सदस्यों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में अपर जिला अधिकारी प्रवेंद्र कुमार,समस्त उप जिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष तैयब पालकी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर ओमर,भरत लाल राही, संजय वर्मा सहित शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
