रविवार, 21 जून 2026

मऊ :सड़क दुर्घटना के बाद उपद्रव और पथराव कर महौल बिगड़ने वाले दो दर्जन गिरफ्तार,भेजे गए जेल||Mau:Two dozen people arrested and sent to jail for rioting and stone-pelting after a road accident.||

शेयर करें:
मऊ :
सड़क दुर्घटना के बाद उपद्रव और पथराव कर महौल बिगड़ने वाले दो दर्जन गिरफ्तार,भेजे गए जेल।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी क्षेत्र के ग्राम पिढ़वल के पास सड़क दुर्घटना के बाद हुए उपद्रव, पथराव और गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम प्रकरण में मऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना घोसी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 20 जून को ग्राम पिढ़वल के समीप सड़क दुर्घटना के बाद कुछ लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर आवागमन बाधित किया और माहौल तनावपूर्ण बना दिया था। घटना के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना घोसी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 23 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य वांछित लोगों की तलाश भी जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क जाम कर आमजन को परेशान करने, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने तथा हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस का सख्त संदेश
"कानून हाथ में लेने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। जनपद में शांति भंग करने और उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।"
मऊ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्र में पुलिस बल की सतर्कता बढ़ा दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।