मऊ :
पीढ़वल मोड़ पर बनेगा अंडरपास, मंत्री ए.के. शर्मा की पहल लाई रंग।
दो टूक : मऊ जनपद में वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-29) पर स्थित घोसी क्षेत्र के पीढ़वल मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की पहल रंग लाई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस संवेदनशील स्थल पर अंडरपास निर्माण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। साथ ही, स्थानीय लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सर्विस रोड के विस्तार का भी निर्णय लिया गया है।
हाल ही में पीढ़वल मोड़ पर हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे। घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री ए.के. शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए NHAI के अध्यक्ष और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता की तथा दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई।
मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि पीढ़वल मोड़ लंबे समय से दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बना हुआ है, जहां स्थानीय लोगों और छोटे वाहनों के लिए सुरक्षित आवागमन बड़ी चुनौती है। उन्होंने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
मंत्री की सक्रिय पहल के बाद NHAI ने इस स्थान पर अंडरपास निर्माण की सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इसके साथ ही सर्विस रोड को आगे तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों, किसानों, छात्रों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण से दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने जनहित के इस मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई के लिए मंत्री ए.के. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा और विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
