मऊ :
लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद मऊ में प्रशासन अलर्ट,कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी।
दो टूक : लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मऊ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट और फायर विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों पर संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और भवन सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। कई संस्थानों में सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों और फायर एनओसी की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को निर्देश दिया कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में कमियां पाई जाएंगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। छापेमारी की खबर मिलते ही कई कोचिंग संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सक्रियता ने यह संदेश दिया है कि किसी भी लापरवाही को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
