मंगलवार, 23 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: किसानों के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर भाकियू का थाना इकोटेक-3 पर जोरदार प्रदर्शन, वार्ता के बाद समाप्त हुआ धरना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: किसानों के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर भाकियू का थाना इकोटेक-3 पर जोरदार प्रदर्शन, वार्ता के बाद समाप्त हुआ धरना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 23 जून 2026। किसानों के सम्मान, न्याय और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सोमवार को थाना इकोटेक-3 का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने किसानों और आम नागरिकों के साथ कथित अभद्रता तथा भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया। कई घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के उपरांत धरना समाप्त कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हबीबपुर गांव निवासी हिमांशु कुमार के साथ 18 जून को कुछ लोगों द्वारा मारपीट की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि बाद में दूसरे पक्ष के प्रभाव में आकर पुलिस लगातार पीड़ित पर समझौते का दबाव बनाती रही, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

भारतीय किसान यूनियन के नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, जो लंबे समय से किसानों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाते रहे हैं, ने बताया कि 22 जून की शाम पुलिस ने हिमांशु कुमार को समझौते के नाम पर थाने बुलाया और वहां बैठा लिया। आरोप है कि जब कुछ लोग उन्हें छुड़ाने के लिए थाने पहुंचे तो उन्हें भी रोक लिया गया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने तथा लोगों को छोड़ने के नाम पर धनराशि वसूले जाने के आरोप भी लगाए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही भाकियू के नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी और दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी बड़ी संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ थाना इकोटेक-3 पहुंच गए। देखते ही देखते थाने के बाहर किसानों की भीड़ जुट गई और धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार और अभद्रता के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। यदि किसी भी किसान के साथ अन्याय होता है तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को न्याय दिलाने के लिए भाकियू हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने कहा कि संगठन अपने कार्यकर्ताओं और किसानों के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा। यदि भविष्य में किसानों के साथ इसी प्रकार का व्यवहार किया गया तो भारतीय किसान यूनियन व्यापक आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

कई घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता की। बताया गया कि थाना स्टाफ की ओर से खेद व्यक्त किया गया तथा कथित रूप से ली गई धनराशि वापस कराई गई। इसके साथ ही थाने में बैठे सभी लोगों को सम्मानपूर्वक छोड़ दिया गया।

बाद में एसीपी राजीव गुप्ता और भाकियू नेताओं के बीच हुई वार्ता के बाद संगठन ने फिलहाल अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया। हालांकि भाकियू पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसानों के साथ किसी प्रकार का अन्याय या अभद्रता होती है तो संगठन फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

धरना-प्रदर्शन में अनिल खारी, संजय फौजी, राजा चौधरी, यादराम नेता, रामपाल नेता, विपिन तंवर, सुन्दर तंवर, मनीत नागर, अमित नागर, मनवीर भाटी, कर्मवीर मावी, नवीन कसाना, अनूप नागर, नीतीश नागर, आजाद चौधरी, बिनोद कुमार, मोहित मावी सहित बड़ी संख्या में किसान और भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।