गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-126 के रायपुर लेबर कैंप में भड़की भीषण आग, धुएं और लपटों के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी मजदूर सुरक्षित!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर गांव स्थित बिल्लू धर्म कांटा के पीछे बने अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन ग्रुप के लेबर कैंप में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग गैस सिलेंडर लीकेज के कारण लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के समय कैंप में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ समय के लिए हालात बेहद गंभीर हो गए और लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका पैदा हो गई। इस दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के दौरान कैंप के भीतर रखे कई गैस सिलेंडरों से तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं। सिलेंडरों के फटने की आशंका और लगातार उठती लपटों के कारण आसपास के लोगों में भय का माहौल रहा। धमाकों की आवाज सुनकर लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए, जबकि पुलिस और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सेक्टर-126 सुमनेश विकल अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही उन्होंने पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से कैंप में मौजूद मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। आग को फैलने से रोकने के लिए पास में लगे सबमर्सिबल के पाइपों से पानी डलवाकर शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों के चलते कैंप में मौजूद लगभग 50 से 60 मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस और प्रशासन सक्रिय नहीं होता तो यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने पुलिस के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से भी रोक दिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर यूनिट ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई की। पांच दमकल गाड़ियों की सहायता से आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी मजदूर सुरक्षित हैं।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी, त्वरित निर्णय क्षमता और समन्वित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया। राहत एवं बचाव कार्य में थाना प्रभारी सुमनेश विकल और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका की स्थानीय लोगों ने सराहना की। प्रशासन आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है।।
