मंगलवार, 23 जून 2026

लखनऊ :पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अटेवा की जनजागरण यात्रा का जगह जगह हुआ जोरदार स्वागत।।||Lucknow:The ATETVA campaign for the restoration of the old pension system received a warm welcome at various places.||

शेयर करें:
लखनऊ :
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अटेवा की जनजागरण यात्रा का जगह जगह हुआ जोरदार स्वागत।।
दो टूक  : लखनऊ तेलीबाग से मोहनलालगंज व निगोहां तक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और ग्रामीणों ने किया स्वागत, प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु ने निजीकरण व टीईटी व्यवस्था पर उठाए सवाल।
विस्तार :
पुरानी पेंशन की बहाली, निजीकरण की समाप्ति एवं टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच द्वारा निकाली जा रही जनजागरण यात्रा सोमवार को राजधानी लखनऊ से होते हुए मोहनलालगंज और निगोहां पहुंची। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।लखनऊ के तेलीबाग स्थित गंगा सिंचाई भवन में अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरज पति त्रिपाठी का अनुसचिवीय अधिष्ठान संघ सिंचाई विभाग के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार और प्रदेश महामंत्री अमित कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया।इस दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कहा कि सरकार लगातार निजीकरण को बढ़ावा देकर सरकारी नौकरियों को समाप्त कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में कमी का सीधा असर कर्मचारियों की पेंशन व्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अटेवा पुरानी पेंशन की बहाली, निजीकरण की समाप्ति और टीईटी की अनिवार्यता खत्म होने तक अपना संघर्ष जारी रखेगा तथा कर्मचारियों से आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरज पति त्रिपाठी ने कहा कि पुरानी पेंशन सरकारी शिक्षकों और कर्मचारियों का अधिकार है। इसके लिए शिक्षक और कर्मचारी वर्ग किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार है और अधिकार मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इसके बाद जनजागरण यात्रा एसजीपीजीआई पहुंची, जहां पीजीआई नर्सिंग संघ की अध्यक्ष लता सचान एवं कर्मचारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने यात्रा में शामिल पदाधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत किया।
मोहनलालगंज पहुंचने पर यात्रा का अधिवक्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मोहनलालगंज बार भवन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला एवं महामंत्री राम लखन,अधिवक्ता श्रवण यादव ने अधिवक्ताओं की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु का स्वागत किया।वहीं विकास खंड मोहनलालगंज में कर्मचारी नेता रामेन्द्र श्रीवास्तव, प्रभाकर चौरसिया, पंकज समेत सैकड़ों कर्मचारियों ने यात्रा का स्वागत किया। निगोहां पहुंचने पर पूर्व प्रधान अजय चौरसिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भी जनजागरण यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
जनजागरण यात्रा में नरेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र गोयन, सुमन कुरील, चन्द्रहास सिंह, कुलदीप सैनी, रजत प्रकाश, सुनील वर्मा, प्रदीप यादव, अर्पित मिश्रा, विजय विश्वास, विजय काकोरी, धीरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार वर्मा, राघवेंद्र सिंह, राजेश यादव, रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुये।