लखनऊ:
राजधानी के कवि कमल आग्नेय को मिला किशोर सम्मान,सीएम पुष्कर धामी ने किया सम्मानित।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज निवासी एवं राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि कमल आग्नेय को उत्तराखंड में ललित फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘अभिव्यंजना’ कार्यक्रम में साहित्य एवं काव्य जगत के महत्वपूर्ण सम्मान नंदकिशोर 'किशोर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदान किया गया।सम्मान समारोह में प्रख्यात कवि डाक्टर कुमार विश्वास व डाक्टर हरिओम पवार,अशोक चक्रधर सहित देशभर के साहित्यकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कमल आग्नेय ने अपने चर्चित ‘अभिमन्यु महाकाव्य’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कमल अग्नेय की उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुति से प्रभावित होकर मंच से प्रख्यात कवि डाक्टर कुमार विश्वास ने घोषित 51 हजार रुपये की सम्मान राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने की घोषणा की गई। यह उपलब्धि न केवल कमल आग्नेय के साहित्यिक योगदान का सम्मान है, बल्कि राजधानी लखनऊ और गोसाईगंज क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय बन गई है। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके कमल आग्नेय को यह सम्मान मिलने की सूचना जैसे ही उनके गृह क्षेत्र और राजधानीवासियों को मिली, खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने इसे लखनऊ की साहित्यिक प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर सम्मान बताया। इस अवसर पर गोसाईगंज नगर पंचायत के चेयरमैन निखिल मिश्रा व एडीबी अध्यक्ष अशोक तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोगों, साहित्य प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों ने कमल आग्नेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कमल आग्नेय की यह उपलब्धि राजधानी के युवा रचनाकारों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
