लखनऊ :
रात्रि चौपाल में गूंजा विकास और जनकल्याण का संदेश,विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के डाढा सिकंदरपुर गांव में क्षेत्रीय विधायक ने सभी विभागो के अधिकारियो संग लगाई रात्रि चौपाल,ग्रामीणो की शिकायतो का मौके पर हुआ निस्तारण, अधिकारियों ने योजनाओं की दी जानकारी।
विस्तार :
केन्द्र सरकार के विकास, सुशासन, विश्वास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को मोहनलालगंज क्षेत्र के डाढ़ा सिकंदरपुर गांव में विधायक अमरेश कुमार रावत की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में एसडीएम पवन पटेल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण की कार्रवाई की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमरेश कुमार रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।विधायक ने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को किसी भी योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।चौपाल में मौजूद अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। वहीं शिक्षा, विद्युत, राजस्व, पंचायत, बाल विकास एवं समाज कल्याण विभागों द्वारा भी जागरूकता स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक एवं अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया तथा शेष के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम पवन पटेल, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी शिवकुमार,प्रधान रूपरानी,मंडल अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह,पूर्व मंडल अध्यक्ष सुधांशु सिंह सहित शिक्षा, विद्युत, राजस्व, पंचायत, बाल विकास, समाज कल्याण एवं अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
