सोमवार, 8 जून 2026

लखनऊ : आईआईएस जय सिंह को ‘शान-ए-उत्तर प्रदेश’ सम्मान से किया गया सम्मानित।।||Lucknow: IAS Jai Singh was honored with the 'Shaan-e-Uttar Pradesh' award.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
आईआईएस जय सिंह को ‘शान-ए-उत्तर प्रदेश’ सम्मान से किया गया सम्मानित।।
●सेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए विशिष्ट कार्य करने पर दिया गया यह सम्मान।
दो टूक : समाज सेवा, शिक्षा के क्षेत्र में वंचित वर्गों के उत्थान तथा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए जय सिंह, आईआईएस को प्रतिष्ठित “शान-ए-उत्तर प्रदेश” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कशिश मीडिया द्वारा उनके असाधारण सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
श्री जय सिंह लंबे समय से गरीब एवं असहाय बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे जरूरतमंद विद्यार्थियों की फीस, कॉपी-किताब एवं अन्य शैक्षिक आवश्यकताओं की निःशुल्क व्यवस्था कर शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इसके साथ ही सिविल सर्विसेज एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को वे नियमित रूप से मार्गदर्शन, काउंसलिंग एवं रणनीतिक सहयोग प्रदान करते हैं, जिससे अनेक विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने में सहायता मिली है।
यह भव्य सम्मान समारोह लखनऊ स्थित प्रेस क्लब में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री सूर्य कुमार शुक्ल उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों द्वारा चयनित विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान कशिश मीडिया के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन संस्थापक श्री जिया सिद्दीकी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों—पत्रकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, कलाकार एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
श्री जय सिंह ने यह सम्मान अपने माता-पिता, शुभचिंतकों, मित्रों तथा उन सभी व्यक्तियों को समर्पित किया, जो उनके सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का यह कार्य सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक सोच से ही संभव हो पाया है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी श्री जय सिंह को कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं सामाजिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें “लाइफ टाइम एक्सीलेंस अवार्ड”, “डॉ. भीमराव अंबेडकर विशिष्ट स्कॉलर सम्मान”, “विशिष्ट प्रशासनिक सेवा सम्मान” एवं “संत गाडगे सेवा सम्मान” प्रमुख हैं। ये सभी सम्मान उनके सतत जनसेवा, प्रशासनिक दक्षता एवं सामाजिक योगदान का प्रमाण हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने श्री जय सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है और युवाओं के लिए मार्गदर्शक का कार्य करता है।
यह सम्मान न केवल श्री जय सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत सभी व्यक्तित्वों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी है। इस अवसर पर लखनऊ सहित पुरे प्रदेश के विशिष्ट गणों के साथ पत्रकार उपस्थित रहे।