लखनऊ :
रिश्ते का खूनी अंत-बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र में खूनी संघर्ष,पिता की हुई मौत।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना महिगवां क्षेत्र अतरौरा गॉव में जमीनी बंटवारे को लेकर पिता और पुत्र के बीच रिस्ते तार तार हो गए।खेत मे काम करने के दौरान पिता पुत्र के बीच हुए बाद-विवाद में बेटे ने पिता के सिर पर फावड़े से हमला कर लहूलुहान कर दिया। जिससे पिता जमीन पर गिर पड़े और परिजनों ने आनन फानन में केजीएमयू ट्रामा सेण्टर ले गए जहाँ डाक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुची पुलिस ने घटना की छानबीन करते हुए आरोपी बेटे की तलाश मे जुटी हुई है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार दिनांक बीते 19 जून को थाना महिगवां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अतरौरा में भूमि के बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र के मध्य विवाद एवं मारपीट की घटना प्रकाश में आई है।
प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार रामकुमार यादव पुत्र स्व0 रामचरन यादव निवासी ग्राम अतरौरा एवं उनके पुत्र महेंद्र यादव के मध्य पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी क्रम में दिनांक 19.06.2026 को रामकुमार द्वारा खेत में खड़ी करवी (झाड़ियां) को ट्रैक्टर से जुतवाया जा रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी एवं विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान महेंद्र यादव पुत्र रामकुमार यादव द्वारा फावड़े से रामकुमार यादव के सिर पर वार कर दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के उपरांत परिजनों द्वारा घायल रामकुमार यादव को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए केजीएमयू, लखनऊ रेफर किया गया।
उपचार के दौरान रामकुमार यादव की मृत्यु हो गई। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जा रही है।
प्रकरण के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
