गौतमबुद्धनगर: मोहर्रम से पहले नोएडा पुलिस अलर्ट: बीट पुलिसिंग मजबूत करने, जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के दिए गए सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के साथ-साथ पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नोएडा पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी नोएडा श्री साद मियां खान के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने नोएडा जोन के सभी उपनिरीक्षकों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था, बीट पुलिसिंग और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी के दौरान एडीसीपी मनीषा सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों को यक्ष ऐप के माध्यम से बीट पुलिसिंग से जुड़ी सूचनाओं को नियमित रूप से अपडेट करने तथा क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाकर ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है और जनता के साथ बेहतर संवाद कायम किया जा सकता है। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने और आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को मामलों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। साथ ही जनशिकायतों एवं आईजीआरएस प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं संतोषजनक समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मोहर्रम के मद्देनजर एडीसीपी ने सभी उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
गोष्ठी में मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि जनता की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने को भी कहा गया।
नोएडा पुलिस द्वारा आयोजित इस गोष्ठी को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, जनविश्वास बढ़ाने तथा आगामी मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।।
