लखनऊ :
डिप्टी सीएम के दखल के बाद पीड़िता का दर्ज हुआ मुकदमा,फिर भी दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर।
आईटीआई छात्रा ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का लगाया आरोप, दोबारा डिप्टी सीएम से शिकायत की चेतावनी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में आईटीआई छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ के मामले में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हस्तक्षेप और डीजीपी की फटकार के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे नाराज पीड़िता और उसके परिजनों ने एक बार फिर डिप्टी सीएम से मिलकर शिकायत करने की बात कही है।निगोहां क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली आईटीआई छात्रा ने कुछ दिन पूर्व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को शिकायती पत्र देकर बताया था कि 2 जून को बैरी मगटैया गांव निवासी सूरज कुमार उसे कॉलेज छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाकर मोहनलालगंज क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया।
विस्तार:
पीड़िता के अनुसार घटना के दिन ही वह अपने परिजनों के साथ मोहनलालगंज कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया।
मामला डिप्टी सीएम के संज्ञान में पहुंचने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए डीजीपी से वार्ता कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर जांच कराई गई और मोहनलालगंज पुलिस को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इसे लेकर पीड़िता और उसके परिजनों में नाराजगी है।
पीड़िता का कहना है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो वह पुनः डिप्टी सीएम से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेगी और आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग करेगी।
