गौतमबुद्धनगर: बंद मकान में चोरी का खुलासा: दादरी पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, चोरी का माल और नकदी बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 21 जून। थाना दादरी पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, थाना दादरी क्षेत्र के सेक्टर म्यू-1 स्थित एक बंद मकान में 20 अप्रैल 2026 की रात चोरी की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी क्रम में रविवार को थाना dादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मेट्रो डिपो गोलचक्कर के पास से आरोपी विनोद पुत्र जगपाल निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के दो पाजेब, दो सिक्के, 25 हजार रुपये नकद तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सेक्टर म्यू-1 स्थित बंद मकान को निशाना बनाकर वहां से जेवरात और नकदी चोरी की थी। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान चोरी की उसी घटना से संबंधित है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक कृत्यों और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
दादरी पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।।
