गौतमबुद्धनगर: दादरी में पीएम स्वनिधि योजना के तहत लगा लोक कल्याण मेला, लाभार्थियों को वितरित किए गए ऋण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 10 जून 2026। नगर पालिका परिषद दादरी में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत लोक कल्याण मेले एवं ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, ठेला संचालकों तथा छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी के आसान ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना था।
शहर मिशन प्रबंधक (डूडा विभाग) शीला कुमारी ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान पात्र आवेदकों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उनके आवेदन पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में 10 हजार रुपये से 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही समय पर ऋण का भुगतान करने वाले लाभार्थियों को ब्याज सब्सिडी एवं कैशबैक का लाभ भी दिया जा रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूती मिल सके।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद दादरी की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उनके व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
डूडा विभाग की ओर से शीला कुमारी (सीएमएम), रवींद्र एवं आकाश द्वारा लाभार्थियों को योजना संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। वहीं नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से अरुण बंसल, नरेंद्र सिंह राठौड़, तुषार शर्मा सहित अन्य कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
लोक कल्याण मेले के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पीएम स्वनिधि योजना से जुड़कर हजारों रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों को अपने व्यवसाय के विस्तार एवं आर्थिक उन्नति का अवसर मिल रहा है।।
