शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने ली जान, धक्का देने से युवक की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने ली जान, धक्का देने से युवक की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 20 जून। बाइक खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। इस मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा दिए गए धक्के से युवक लोहे की ग्रिल पर गिर गया था, जिससे लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना फेस-1 क्षेत्र में 18 जून को घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर अंश गोयल और प्रकाश चंद के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने प्रकाश चंद को धक्का दे दिया। धक्का लगने से प्रकाश चंद पास में लगी ग्रिल पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर थाना फेस-1 में मुकदमा अपराध संख्या 296/2026 दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। शनिवार को थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अंश गोयल पुत्र राजीव गोयल को सेक्टर-14ए नोएडा के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अंश गोयल निवासी सेक्टर-15, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवाद कभी-कभी गंभीर और दुखद परिणाम का कारण बन जाते हैं। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।।