गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में मेड को थप्पड़ मारने का आरोप, विरोध में सड़कों पर उतरीं सैकड़ों घरेलू सहायिकाएं!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसायटी में घरेलू सहायिका (मेड) के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा हुआ। फ्लैट मालिकन पर मेड को थप्पड़ मारने का आरोप है, जिसके विरोध में बड़ी संख्या में घरेलू सहायिकाएं सोसायटी के बाहर एकत्रित हो गईं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों महिलाएं पहुंच गईं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की जानकारी फैलते ही विभिन्न टावरों और आसपास की सोसायटियों में काम करने वाली घरेलू सहायिकाएं भी मौके पर पहुंच गईं। महिलाओं ने आरोपित फ्लैट मालिकन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की और अपना रोष व्यक्त किया।
सूचना मिलते ही थाना बीटा-2 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत की और उन्हें शांत कराते हुए मामला कानून के दायरे में सुलझाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी महिलाओं को शांतिपूर्वक उनके घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 04 जून 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसायटी में एक फ्लैट मालिकन द्वारा अपनी घरेलू सहायिका को थप्पड़ मारने की शिकायत प्राप्त हुई थी। घटना के विरोध में कुछ घरेलू सहायिकाएं एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने लगी थीं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
पुलिस ने पीड़ित महिला का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया है तथा उसकी ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू कामगारों की सुरक्षा, सम्मान और उनके साथ होने वाले व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति के साथ अभद्रता या मारपीट स्वीकार नहीं की जा सकती।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
