गौतमबुद्धनगर: मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की तैयारी तेज, जेवर-दनकौर में शांति समिति की बैठक आयोजित!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 20 जून 2026। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने थाना जेवर और थाना दनकौर में शांति समिति की गोष्ठी आयोजित कर धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया।
बैठक में एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा सार्थक सेंगर, संबंधित थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम पर्व के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की और उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
गोष्ठी में ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। डीसीपी रवि शंकर निम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को गंभीरता से लिया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि वे केवल सत्यापित सूचनाओं पर ही विश्वास करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अधिकारियों ने कहा कि शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए, क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई जाए और सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा जताया कि जनसहयोग, आपसी समन्वय और प्रशासनिक सतर्कता के बल पर मोहर्रम पर्व को जिले में सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।।
