शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का फोकस, एसीपी ने फुट पेट्रोलिंग कर लिया हालात का जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का फोकस, एसीपी ने फुट पेट्रोलिंग कर लिया हालात का जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। आगामी त्योहारों, कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। डीसीपी और एडीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 प्रवीण कुमार ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन जांच की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसीपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से भी संवाद स्थापित करते हुए सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा की और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की सक्रियता से आम नागरिकों में सुरक्षा का एहसास बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों में पुलिस की मौजूदगी का स्पष्ट संदेश गया।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे ऐसे निरीक्षण और फुट पेट्रोलिंग अभियान का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।