मऊ :
फिल्मी स्टाइल में प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा,पुलिस और ग्रामीणो की जुटी भीड़।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र स्थित रामपुर चकिया गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। युवती काफी देर तक टावर पर बैठी रही और अपनी मांग पर अड़ी रही। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों, स्थानीय लोगों और संभ्रांत नागरिकों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र लोगों की निगाहों का केंद्र बना रहा और घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने बेहद संयम और सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। अधिकारियों द्वारा लगातार समझाने-बुझाने और आश्वासन दिए जाने के बाद युवती आखिरकार टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई। युवती के नीचे उतरते ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा युवती और उसके परिजनों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में प्रेम प्रसंग से जुड़े मामलों में मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का कदम न केवल जानलेवा साबित हो सकता है, बल्कि इससे किसी भी समय बड़ा हादसा भी हो सकता है। ऐसे मामलों में संयम, संवाद और कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेना ही सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है। फिलहाल युवती सुरक्षित है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
घण्टों तक चला फिल्मी ड्रामा,बराती बनी हुई थी पुलिस और जनता।
