सोमवार, 8 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, मूर्तियों के दो छत्र और अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, मूर्तियों के दो छत्र और अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना दादरी पुलिस ने मंदिर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए मूर्तियों के दो छत्र (सफेद धातु) तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है।

पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को थाना दादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम शाहपुर खुर्द पुलिया के पास से राजू सिंह उर्फ सोनू पुत्र चतर सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दुर्गा विशाल मंदिर से चोरी किए गए दो छत्र और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दुर्गा विशाल मंदिर से मूर्तियों के छत्र चोरी किए थे। उसने बताया कि वह चोरी किए गए छत्रों को बेचने के लिए ले जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू सिंह उर्फ सोनू (45 वर्ष) निवासी विनोद नगर, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 144/2026 में धारा 305, 317(2) बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

दादरी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखने की मांग की है।।