शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: हत्या के बाद पुलिस पर भी झोंकी गोलियां, जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए दोनों बदमाश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हत्या के बाद पुलिस पर भी झोंकी गोलियां, जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए दोनों बदमाश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पड़ोसी की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को थाना बादलपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

शनिवार को थाना बादलपुर पुलिस को स्थानीय खुफिया तंत्र से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री से आगे अंडरपास के पास एनटीपीसी कट पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगे।

पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। खुद को चारों ओर से घिरता देख दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक नागर उर्फ विक्की (27 वर्ष) पुत्र राजेश्वर निवासी ग्राम अच्छेजा और विशाल (25 वर्ष) पुत्र राजेश निवासी रॉयल सिटी, भीमा चौक के पास, ग्राम अच्छेजा, थाना बादलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक .32 बोर और एक .315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी 19 जून 2026 को अपने पड़ोसी जीवन किशोर की गोली मारकर हत्या करने की घटना में शामिल थे। इस मामले में मृतक की पुत्री की तहरीर पर थाना बादलपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी शातिर प्रवृत्ति के अपराधी हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को जीवन किशोर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।।