यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: विधायक के एस्कॉर्ट वाहन को हाईवा ने मारी टक्कर, दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौत!!
दो टूक//जेवर/गौतमबुद्ध नगर, 21 जून 2026। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मांट विधानसभा से भाजपा विधायक राजेश चौधरी के एस्कॉर्ट वाहन की एक हाईवा ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस लाइंस मथुरा के हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार विधायक राजेश चौधरी जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लखनऊ जाने के लिए अपने काफिले के साथ यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। थाना जेवर क्षेत्र में नए फ्लाईओवर के पास उनकी सुरक्षा में चल रही बोलेरो वाहन (UP85CR1907) की हाईवा ट्रक (UP16QT1814) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और उसमें सवार पुलिसकर्मी वाहन के भीतर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही विधायक राजेश चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से नोएडा के एक निजी अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मुख्य आरक्षी सुल्तान सिंह का उपचार जारी है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। हाईवा वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद विधायक राजेश चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत पुलिसकर्मी राजेंद्र सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।।
