योग की शक्ति से गूंजा गौतम बुद्ध नगर, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प!!
दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध नगर योगमय रंग में रंगा नजर आया। "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया। जिले के प्रमुख स्थलों शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा और इंडोर स्टेडियम सेक्टर-21ए, नोएडा में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर "वसुधैव कुटुम्बकम" की भावना को सशक्त बनाने और मानव कल्याण के उद्देश्य से किया गया। दोनों प्रमुख स्थलों पर प्रतिभागियों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और उनके प्रेरणादायी संबोधन को सुना।
मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा एवं नरेंद्र भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री ओमवीर अवाना और अमित त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने योगाभ्यास किया।
राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का नया संदेश दिया है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
योगाचार्यों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने राज्य मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
जनपद के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, कॉरपोरेट संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और योगमय समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
