रविवार, 21 जून 2026

NEET परीक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस हाई अलर्ट पर, 23 केंद्रों पर 10,822 अभ्यर्थियों के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा!!

शेयर करें:


NEET परीक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस हाई अलर्ट पर, 23 केंद्रों पर 10,822 अभ्यर्थियों के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तीनों जोन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो सके।

कमिश्नरेट क्षेत्र में आयोजित नीट परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 10,822 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें नोएडा जोन में 5, सेंट्रल नोएडा जोन में 11 और ग्रेटर नोएडा जोन में 7 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक पर्यवेक्षण अधिकारी के साथ निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी, पर्याप्त पुलिस बल तथा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। साथ ही सिविल पुलिस एवं यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा केंद्रों और प्रमुख चौराहों के आसपास डायल-112 पीआरवी वाहनों को भी तैनात किया गया है।

पुलिस कमिश्नरेट द्वारा परीक्षा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए 1,000 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न परीक्षा केंद्रों, संवेदनशील स्थलों और प्रमुख मार्गों पर ड्यूटी पर लगाए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, फ्रिस्किंग एवं चेकिंग व्यवस्था तथा यातायात संचालन की गहन समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए अलग-अलग ड्यूटी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों एवं राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखा जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान धारा 163 बीएनएसएस भी प्रभावी की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुचितापूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना है।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि सभी अभ्यर्थी सुरक्षित, शांत एवं तनावमुक्त वातावरण में अपनी महत्वपूर्ण परीक्षा दे सकें।।