बुधवार, 10 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सेथली में भाकियू की किसान संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार, हरिद्वार चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर किसानों का आह्वान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेथली में भाकियू की किसान संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार, हरिद्वार चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर किसानों का आह्वान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी। ग्राम सेथली में मिंटू भाटी एवं महामेदा परिवार के तत्वावधान में भारतीय किसान यूनियन की किसान संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाकियू के उत्तर प्रदेश महासचिव नरेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू प्रधान, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, सचिन अवाना एवं मानसिंह चौधरी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान श्रीपाल भाटी ने की, जबकि संचालन नितिन भाटी ने किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पैदल यात्रा निकालकर अतिथियों का पगड़ी, पटका एवं माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसानों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

संगोष्ठी में किसानों ने प्राधिकरण द्वारा औने-पौने दामों पर भूमि अधिग्रहण, बिजली संबंधी समस्याओं, तहसील स्तर पर होने वाली परेशानियों तथा क्षेत्रीय कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की भूमि का कम कीमत पर अधिग्रहण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान हितों के लिए संघर्ष संगठन की प्राथमिकता है और किसानों की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी हो रही है। 5 प्रतिशत एवं 10 प्रतिशत आवासीय भूखंडों की मांग को लेकर किसान वर्षों से भटक रहे हैं। भूमि अधिग्रहण के समय स्थानीय युवाओं को रोजगार देने तथा गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के वादे भी अधूरे पड़े हैं। अशोक भाटी ने कहा कि संगठन का किसी भी गलत कार्य से कोई सरोकार नहीं है और पीड़ित व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए भारतीय किसान यूनियन हरसंभव सहयोग करेगी।

दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए मिंटू भाटी को भारतीय किसान यूनियन का जिला महासचिव नियुक्त किया। वहीं राहुल भाटी, पवन भाटी, कपिल पंडित, विपिन भाटी, पारुल भाटी, अंकित भाटी और लाला भाटी सहित कई लोगों ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों में आस्था व्यक्त करते हुए संगठन की सदस्यता ग्रहण की।

उत्तर प्रदेश महासचिव गुड्डू प्रधान ने आगामी हरिद्वार चिंतन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार चिंतन शिविर के उपरांत सेथली क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सेथली से दादरी तहसील तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों से अभी से तैयारी शुरू करने की अपील की।

इस अवसर पर सुदेश मावी, जगत अवाना, विपिन तंवर, श्री पहलवान, अरुण भाटी, मनवीर मावी, यादराम नेताजी, रामपाल नेताजी, आनंद भाटी, नरेंद्र भाटी, राजू तेवतिया, लीलू तेवतिया, नरेश भाटी, ताराचंद भाटी, स्वराज तंवर, सतीश नगर, अनुज भाटी, जतन सिंह, अंकित बीडीसी, अमन भाटी, सहिदा खान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने तथा हरिद्वार चिंतन शिविर को सफल बनाने का संकल्प लिया।